हल्द्वानी: उत्तराखंड में लड़का बन दहेज के लिए दो लड़कियों से शादी रचाने वाली शातिर लड़की एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है। इस बार इस शातिर लड़की के सुर्खियों में आने की वजह उसकी कहानी पर बनने वाली फिल्म है। जी हां कृष्णा की कहानी बॉलीवुड की किसी भी मसाला फिल्म की कहानी कम नहीं है, जिसको देखते हुए फिल्म निर्माता बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर के भाई ईशान भास्कर कृष्णा सेन पर फिल्म बनाने जा रहे हैं।
कृष्णा सेन एक ऐसी लड़की है, जिसने पुरुष बनकर एक नहीं बल्कि दो लड़कियों से शादी की थी।मामला तब बिगड़ गया जब कृष्णा सेन के ऊपर उसकी एक पत्नी ने वर्ष 2018 में हल्द्वानी थाने में उत्पीड़न मारपीट और दहेज का मामला दर्ज कराया, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर कृष्णा की गिरफ्तारी की। तब जाकर पूरे मामले का खुलासा हुआ। कृष्णा के मेडिकल के बाद उसके लड़की होने का राज खुला। मामले में हल्द्वानी पुलिस ने उसे हरिद्वार से गिरफ्तार किया था. जहां वह अपने दूसरी पत्नी के साथ ऐसो आराम की जिंदगी काट रही थी। यहां तक की दोनों पत्नियों को आभास भी नहीं था कि उसका पति महिला है. इस रोचक कहानी पर अब फिल्म निर्माता फिल्म बनाने जा रहे है।
कृष्णा सेन को हाईकोर्ट से जमानत दिलाने वाले अधिवक्ता संजीव कुमार आकाश के माध्यम से फिल्म बनाने का अनुबंध हो चुका है। फिल्म के एवज में कृष्णा सेन को 5 लाख रुपए मिल चुके हैं। कोरोना के बाद फिल्म की जल्द शूटिंग शुरू हो जाएगी। कृष्णा की कहानी को दर्शाने के लिए नैनीताल, हल्द्वानी सहित कई जगहों पर फिल्म का लोकेशन भी चयन कर लिया गया है।